फुटपाथ पर सो रहे 9 लोगों को डंपर ने कुचला, दो मासूम बच्चों समेत तीन की दर्दनाक मौत; चालक नशे में था

महाराष्ट्र के पुणे शहर के वाघोली चौक इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां फुटपाथ पर सो रहे मजदूरों को एक डंपर ने कुचल दिया। इस घटना में दो छोटे बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना रविवार देर रात करीब 1 बजे केसनंद फाटा के पास हुई। 

road accident in pune

पुलिस के अनुसार, पुणे की एक निजी कंपनी का डंपर, जो बिल्डवेल एंटरप्राइजेज का था, चालक के नशे में होने के कारण नियंत्रण खो बैठा और फुटपाथ पर चढ़ गया। वहां झुग्गियों में सो रहे मजदूरों को कुचलते हुए यह हादसा हुआ। मृतकों में एक वर्षीय वैभवी रितेश पवार, उसका दो वर्षीय भाई वैभव रितेश पवार और 30 वर्षीय रिनेश एन. पवार शामिल हैं।

जोन 4 के पुलिस उपायुक्त हिम्मत जाधव ने बताया कि डंपर चालक शराब के नशे में था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायलों को ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को अमरावती से आए करीब एक दर्जन मजदूर निर्माण स्थलों पर काम के लिए यहां पहुंचे थे और रात में फुटपाथ पर सो रहे थे। 

दुर्घटना स्थल पर मंजर भयावह था। चारों ओर खून, बिखरे हुए सामान और झुग्गियों का टूटे सामान पड़ा हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया और क्षेत्र को साफ कराया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस हादसे को लेकर गुस्सा जाहिर किया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।